केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदम्बरम ने अपील कि है कि अभी उस क्षेत्र का दौरा नहीं किया जाना चाहिए ताकि सुरक्षा बलों को उनका ध्यान बांटे बिना काम करने दिया जा सके. इससे पहले ऐसी रिपोर्टें थीं कि रेलमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बैनर्जी ने अपनी पार्टी के मंत्रियों मुकुल रॉय और शिशिर अधिकारी से मिदनापुर जाने को कहा हैं. ममता बैनर्जी ने माओवादियों के ख़िलाफ कार्रवाई इतनी देर से होने का सवाल उठाया है.#b#
इसी बीच माओवादियों ने पश्चिम बंगाल, छतीसगढ़, उड़ीसा, झारखण्ड, और बिहार में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है. गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ओंकार केड़िया का कहना है कि इस बंद के दौरान माओवादी हिंसक कार्रवाई कर सकते हैं. गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव डी आर एस चौधरी ने कहा है कि सभी राज्यों को सतर्क कर दिया गया है कि वे बारूदी सुरंगों और आईईडी के प्रयोग के इस्तेमाल के प्रति विशेष रूप से चौकन्ने रहें. उन्हें खुफिया सूचाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के लालगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र को नियंत्रण में लेने के बाद अब सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल और राज्य पुलिस के जवान मिलकर अन्य इलाक़ों की ओर बढ़ रहे हैं ताकि वहां के गावों को भी माओवादियों से मुक्त कराया जा सके. पश्चिम बंगाल के रंगमंच और फिल्म जगत से जुडी कई नामी हस्तियों ने लालगढ़ पहुंच कर स्थिति का जायज़ा लिया.